सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 8 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सरगुजा ज्ञानोदय एसोसिएशन बिश्रामपुर के सेमिनार हॉल में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कुमारी पार्वती दीदी ब्रह्माकुमारी, कुमारी झरना पाल दीदी, पूजा साहू, इग्नेशिया तिग्गा, उर्मिला साहू, गंगादेवी साहू, चंपा शाह, लखविंदर कौर, मनिता चौधरी, रमिता सिंह, गिरिजा सिंह तथा इंदु राजवाड़े को उनके कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए संस्था के अध्यक्ष विजयराज अग्रवाल द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी की दीदी पार्वती ने संबोधित करते हुए मदर टेरेसा के जीवन का प्रेरणादायक वृत्तांत प्रस्तुत किया तथा सेवा, त्याग और समर्पण की भावना के साथ समाज में आगे बढऩे की प्रेरणा दी।
पूजा साहू ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने भी इसी कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की है और आज ग्रामीण क्षेत्र में पर्यटन विकास के लिए समूह के माध्यम से कार्य करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रही हैं। मनिता चौधरी ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और यदि उन्हें अवसर एवं प्रोत्साहन मिले तो वे समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।चंपा शाह ने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और स्वावलंबन के माध्यम से आगे बढऩा चाहिए, जिससे वे स्वयं के साथ-साथ समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। संस्था के अध्यक्ष विजयराज अग्रवाल ने कहा कि एसोसिएशन लगातार महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। संस्था के विभिन्न प्रकल्पों में 80 प्रतिशत से अधिक कर्मचारी महिलाएं हैं, जो अपनी सेवाभावना, मेहनत और समर्पण से संस्था के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। बीएमएस के महेश गुप्ता सहित उपस्थित अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के सफल बनाने में कॉलेज की शिक्षिका प्रीति, रिंकी एवं अनुराधा का विशेष सहयोग रहा। मंच संचालन सिद्धार्थ तिवारी द्वारा किया गया, जबकि अंत में तुलेश्वर प्रताप सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।


