सूरजपुर
सूरजपुर, 7 मार्च। भारत सरकार के सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की स्वीकृति के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी श्रवणबाधित दिव्यांगजनों को सामान्य व्यक्तियों की तरह वैध ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सरगुजा ज्ञानोदय एसोसिएशन के अध्यक्ष विजयराज अग्रवाल ने बताया कि परिवहन आयुक्त छत्तीसगढ़ ने सभी क्षेत्रीय और जिला परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि श्रवणबाधित दिव्यांगजनों के लिए विशेष परीक्षण एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएं। इसमें आवेदन करने वाले व्यक्तियों की वाहन चलाने की क्षमता और कौशल का परीक्षण मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 7 एवं 8 के तहत किया जाएगा। योग्य पाए जाने पर उन्हें ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया जाएगा तथा उनके वाहनों पर विशेष चिन्ह भी लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कई विकसित देशों में भी श्रवणबाधित लोगों को यह सुविधा दी गई है। वाहन चलाने में दृश्य संकेतों का महत्वपूर्ण योगदान होता है, इसलिए श्रवणबाधित व्यक्ति भी सडक़ संकेतों का पालन करते हुए सुरक्षित रूप से वाहन चला सकते हैं।
ड्राइविंग लाइसेंस के लिए श्रवणबाधित व्यक्तियों को सरकारी अधिकृत डॉक्टर से फार्म 1 में प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड, आयु प्रमाण पत्र तथा पते का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा सारथी पोर्टल पर लर्नर लाइसेंस के लिए आवेदन करना होगा और आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा। विजयराज अग्रवाल ने प्रदेश के श्रवणबाधित दिव्यांगजनों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि इससे वे आत्मनिर्भर बनकर आर्थिक रूप से सशक्त होने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।