सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 7 मार्च। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लटोरी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। लटोरी पुलिस ने बताया कि 6 मार्च शुक्रवार को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चल रही नियमित जांच के दौरान लटोरी-बनारस हाईवे रोड स्थित देसी ढाबा के पास एक संदिग्ध टाटा सफारी वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद कर तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।
लटोरी पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस टीम हाईवे पर वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान देसी ढाबा के पास खड़ी टाटा सफारी क्रमांक सीजी 15 ईजी 4455 पुलिस को संदिग्ध लगी। जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें छिपाकर रखा गया करीब आठ किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही वाहन में सवार तीनों युवकों क्रमश: 28 वर्षीय जीवधन पैकरा पिता घूरसाय पैकरा निवासी सोनगरा थाना भटगांव, सुरेंद्र कुमार लासकर पिता रामकुमार लासकर तथा ललित यादव पिता सुपाड़ीलाल यादव, दोनों निवासी बरौंधी थाना भटगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू किया।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी वाहन के जरिए मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे थे। मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) और 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया। लटोरी चौकी प्रभारी अरुण गुप्ता ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाईवे और संवेदनशील क्षेत्रों में वाहनों की सघन जांच की जा रही है, जिससे इस तरह की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। कार्रवाई में लटोरी चौकी प्रभारी अरुण कुमार गुप्ता, सहायक उपनिरीक्षक मानिक दास, प्रधान आरक्षक दिलेश्वर सिंह, आरक्षक विकास मिश्रा, संतोष जायसवाल, सोमनाथ कुशवाहा, इश्तियाक अहमद, देवकीनंदन खुटिया तथा राजवाड़े सहित अन्य सक्रिय रहे। आरोपियों ने उक्त गांजा को ओडिशा से लाकर यहां अलग अलग जगहों पर मांग के अनुसार खपाने की जानकारी पुलिसिया पूछताछ में दी है। आरोपियों के मुताबिक लंबे समय से वे इस अवैध कारोबार में जुड़े हुए थे।