सूरजपुर

लटोरी में खनिज विभाग की कार्रवाई, पांच वाहन जब्त
02-Mar-2026 3:11 PM
लटोरी में खनिज विभाग की कार्रवाई, पांच वाहन जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 2 मार्च। लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और गिट्टी-मुरूम के बेधडक़ परिवहन की शिकायतों से घिरे लटोरी क्षेत्र में रविवार को खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच वाहनों को जब्त किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हडक़ंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में पिछले कुछ समय से बिना रॉयल्टी और वैध दस्तावेजों के रेत, गिट्टी और मुरूम का परिवहन धड़ल्ले से किया जा रहा था। स्थानीय ग्रामीणों की शिकायतों और विभागीय निगरानी के बाद रविवार को खनिज विभाग सूरजपुर की टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई की। खनिज अमले ने लटोरी क्षेत्र के विभिन्न मार्गों और संभावित रूटों पर घेराबंदी कर तीन हाइवा मुरूम से भरे, एक हाइवा गिट्टी लोड तथा एक मिनी ट्रक रेत से भरा वाहन पकड़ा। ज्ञात हो कि खनिज विभाग द्वारा यहां पर हाइवा क्रमांक एमपी 18 जीए 3417, हाइवा क्रमांक एमपी 18 जीए 3418, हाइवा क्रमांक एमपी 18 जीए 3421, हाइवा क्रमांक सीजी 15 डीए 1671, मिनी ट्रक क्रमांक सीजी 29 एएच 7107 को जब्त कर लटोरी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई खनिज अधिनियम के तहत की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार लटोरी समेत जयनगर कांसापारा, राजापुर, सोहागपुर रामनगर, कुरूवां, हर्राटिकरा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनिज परिवहन से शासन को राजस्व की भारी क्षति हो रही है। कई बार रात के अंधेरे में और कभी मुख्य सडक़ों से दिनदहाड़े खनिज सामग्री का परिवहन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने भी ट्रकों की तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग से दुर्घटना की आशंका जताई है। खनिज विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बिना वैध दस्तावेज के खनिज सामग्री का परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रविवार को हुई इस अचानक कार्रवाई से अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हडक़ंप की स्थिति बन गई। कई वाहन चालकों ने अपने रूट बदल लिए, तो कुछ ने परिवहन कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया था।


अन्य पोस्ट