सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 26 फरवरी। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुए भीषण सडक़ हादसे में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय भुवनेश्वरपुर की अंग्रेजी विषय की शिक्षिका शिफा त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनका छह वर्षीय पुत्र कविश पाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिफा त्रिपाठी, पति केदार पाल (34 वर्ष) के साथ रामानुजनगर में किराए के मकान में रहकर विद्यालय में पदस्थ थीं। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे वह रोज की तरह अपने पुत्र को साथ लेकर स्कूटी से स्कूल जा रही थीं। कौशलपुर के पास सामने से तेज रफ्तार और अनियंत्रित आ रहे लकड़ी तस्करी में लगे खुले बॉडी के ट्रैक्टर (क्रमांक यूपी 62 बीडब्ल्यू 2352) ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर स्कूटी के ऊपर चढ़ गया, जिससे शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि स्कूटी के कई टुकड़े हो गए। स्कूटी के पीछे बैठे उनका छह वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही रामानुजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हंसमुख और कुशाग्र बुद्धि की शिक्षिका शिफा त्रिपाठी सरगुजा संभाग के पूर्व अपर संचालक उच्च शिक्षा एस.के. त्रिपाठी की बेटी थीं। उनके पति केदार पाल रायपुर में रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़े हैं।
शिफा पिछले तीन वर्षों से भुवनेश्वरपुर आत्मानंद विद्यालय में अंग्रेजी शिक्षिका के रूप में सेवाएं दे रही थीं।
इस दुखद घटना से विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र में शोक की लहर है। विद्यालय में शोक सभा आयोजित कर दिवंगत शिक्षिका को श्रद्धांजलि दी गई।


