सूरजपुर
सूरजपुर, 26 फरवरी। जिला पंचायत सभाकक्ष में गुरुवार को सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा समिति) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर एस. जयवर्धन की उपस्थिति में पूर्व निर्देशों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ी योजनाएं केंद्र में रहीं। सांसद चिंतामणि महाराज ने किसानों को जैविक खेती के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों का उल्लेख करते हुए कृषि विभाग को जैविक खेती के लाभों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि किसान रसायन मुक्त फसल और सब्जी उत्पादन की ओर अग्रसर हों। साथ ही किसानों को मिट्टी परीक्षण एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोडऩे की भी बात कही गई।
सडक़ निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने लोक निर्माण विभाग तथा प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री सडक़ योजना के तहत निर्माणाधीन सडक़ों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने नियमित भौतिक परीक्षण और प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधियों द्वारा निरीक्षण की आवश्यकता बताई, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। सांसद ने समूहों की आय में वृद्धि के लिए बेहतर मार्केटिंग रणनीति अपनाने और अधिक से अधिक समूहों को ‘लखपति दीदी’ योजना से जोडऩे पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना की प्रगति पर जानकारी देते हुए जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले ने बताया कि 72,357 स्वीकृत आवासों के विरुद्ध 60,236 आवास पूर्ण हो चुके हैं। जिले ने 84 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर राज्य में चौथा तथा संभाग में प्रथम स्थान हासिल किया है। पिछले दो वर्षों में स्वीकृत 34,809 आवासों में से 24,420 आवास (70 प्रतिशत) पूर्ण किए गए हैं।
बैठक में अमृत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), जल संसाधन विभाग की सिंचाई योजनाएं, डेयरी विकास, महतारी वंदन योजना, आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति, पूरक पोषण आहार, हाट-बाजार क्लीनिक, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, शिक्षा विभाग की योजनाएं, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण, कौशल विकास, डिजिटल इंडिया, भारतनेट, उज्ज्वला योजना, खेलो इंडिया तथा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, जनपद अध्यक्ष स्वाति संत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


