सूरजपुर

बजट दिशाहीन और जनविरोधी- शशि सिंह
26-Feb-2026 3:51 PM
 बजट दिशाहीन और जनविरोधी- शशि सिंह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 26 फरवरी। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मंगलवार को पेश किए गए बजट पर सूरजपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे पूरी तरह दिशाहीन और जनविरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल विज्ञापनों और आंकड़ों की बाजीगरी तक सीमित है, जिसमें आम आदमी, किसान और युवाओं के लिए कोई ठोस पहल नजर नहीं आती।

सूरजपुर की घोर उपेक्षा

शशि सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह संभाग से जुड़े जिले होने के बावजूद सूरजपुर को बजट में कोई विशेष प्राथमिकता नहीं दी गई। जिले के लिए न तो किसी बड़ी स्वास्थ्य सुविधा की घोषणा की गई और न ही नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर कोई ठोस पहल दिखाई दी।

किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर चोट

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सूरजपुर के किसान अपनी मेहनत का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन बजट में खाद-बीज की समस्या दूर करने का कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है। धान बोनस को लेकर भी सरकार की नीति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के बजाय कर्ज के बोझ तले दबा रही है।

शशि सिंह ने कहा कि महतारी वंदन योजना के नाम पर एक ओर सहायता दी जा रही है।

 वहीं दूसरी ओर महंगाई और टैक्स के जरिए जनता की जेब पर बोझ बढ़ाया जा रहा है। रसोई गैस, पेट्रोल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में राहत देने को लेकर बजट में कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सूरजपुर की जनता इस उपेक्षा और अन्याय का जवाब आने वाले समय में जरूर देगी।-


अन्य पोस्ट