सूरजपुर
अंबिकापुर, 25 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी के युवा पार्षद दीपक यादव ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित ऐतिहासिक बजट बताया है। उन्होंने कहा कि बजट में शिक्षा एवं युवाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे युवा वर्ग को आगे बढऩे के व्यापक अवसर मिलेंगे।
पार्षद दीपक यादव ने कहा कि बजट में नए शिक्षण संस्थानों की स्थापना, मुख्यमंत्री शिक्षा सहयोग योजना के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सहायता योजनाओं (उड़ान, शिखर, मंजिल) हेतु 33 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो युवाओं को नई दिशा देगा। इसके अलावा युवाओं के हित में कई अन्य योजनाओं के लिए भी करोड़ों रुपये का बजट रखा गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का यह बजट ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प को मजबूत करता है। युवा वर्ग राज्य की प्रगति की रीढ़ है और यह बजट उनके सपनों को साकार करने की दिशा में ठोस पहल है।


