सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 25 फरवरी। बिश्रामपुर स्टेशन के समीप ग्राम पंचायत कुंजनगर के अवराडुग्गू मोहल्ले में बुधवार सुबह मिडिल स्कूल की कक्षा सातवीं की छात्रा को कथित रूप से कार सवार युवकों द्वारा अगवा करने के प्रयास की खबर से हडक़ंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस अमला दिनभर जांच में जुटा रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रशांत ठाकुर ने तत्काल बिश्रामपुर और जयनगर थाना पुलिस के साथ साइबर सेल को जांच में लगाया और स्वयं पूरे घटनाक्रम की मॉनिटरिंग करते रहे। पुलिस की सक्रियता के चलते कुछ ही घंटों में संदिग्ध कार को पकड़ लिया गया। कार सवार युवकों से पूछताछ की जा रही है, हालांकि अब तक की जांच में अपहरण जैसी कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामला नाबालिग छात्रा से जुड़ा है, इसलिए हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शासकीय शाला में अध्ययनरत छात्रा सुबह लगभग 9.45 बजे घर से पैदल स्कूल के लिए निकली थी। स्कूल एनएच-43 स्थित सिंह पेट्रोल पंप के समीप है। छात्रा का कहना है कि स्कूल से करीब 200 कदम पहले एक कार सवार युवकों ने उसे जबरन वाहन में बैठाने की कोशिश की। आरोप है कि युवकों ने रुमाल में कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश करने का प्रयास किया, लेकिन छात्रा ने विरोध करते हुए एक युवक के हाथ पर दांत से काट लिया और वहां से भागकर स्कूल पहुंच गई।
स्कूल पहुंचकर उसने रोते हुए शिक्षिकाओं को घटना की जानकारी दी। हेडमास्टर संजीदा , शिक्षिका रश्मि मसीह और पूनम चौहान ने तत्काल संकुल समन्वयक को सूचित कर छात्रा को लेकर घटनास्थल पहुंचीं और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध वाहन को ट्रेस कर थाने लाया। छात्रा से कार सवारों की पहचान कराई जा रही है। साथ ही पुलिस अन्य कोणों से भी जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मामला छेड़छाड़ का है या अफवाह का।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व नगर के संडे बाजार क्षेत्र में संचालित एक स्कूल की तीसरी कक्षा की छात्रा के अपहरण प्रयास की भी चर्चा रही थी, जिसकी अब तक पुष्टि नहीं हो सकी है। बुधवार को भी नगर में बच्चा चोर गिरोह की अफवाह दिनभर फैलती रही। डीएवी स्कूल प्रबंधन द्वारा अभिभावकों को मोबाइल में मैसेज भेज सतर्क रहने की अपील से माहौल और गरमा गया।
हालांकि एनएच-43 जैसे व्यस्त क्षेत्र में दिनदहाड़े अपहरण की कोशिश की बात कई लोगों के गले नहीं उतर रही है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।


