सूरजपुर

शादी की शहनाई से मातम तक, आधी रात हथौड़ी से हमला, पत्नी की मौत, दो बहनें घायल, आरोपी फरार
21-Feb-2026 9:35 PM
शादी की शहनाई से मातम तक, आधी रात हथौड़ी से हमला, पत्नी की मौत, दो बहनें घायल, आरोपी फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 21 फरवरी। खुशियों से गूंजते घर में आधी रात ऐसा कहर टूटा कि जश्न मातम में बदल गया। थाना क्षेत्र के सरहरी गांव में 21 फरवरी की तडक़े करीब सवा 2 बजे एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और उसकी दो बहनों पर हथौड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पत्नी की मौत हो गई, जबकि दो बहनें गंभीर रूप से घायल हैं। आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, 19-20 फरवरी को घर में बेटे की बारात का कार्यक्रम हुआ था। परिजन देर रात तक के आयोजन के बाद विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी गणेश कुशवाहा ने कथित रूप से अपनी पत्नी यसोदा कुशवाहा पर बड़े हथौड़े से कई वार किए। सिर पर गंभीर चोट लगने से उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला।

घर के दूसरे कमरे में सो रहीं गंगोत्री कुशवाहा और पिंकी कुशवाहा पर भी हमला किया गया। गंगोत्री के सिर पर गहरी चोटें आई हैं, जबकि पिंकी भी घायल हुई हैं। पिंकी के शोर मचाने पर परिजन जागे, तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुका था।

घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्रतापपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को गंभीर हालत में अंबिकापुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में यसोदा कुशवाहा ने दम तोड़ दिया। गंगोत्री की हालत नाजुक बताई जा रही है, वहीं पिंकी का उपचार जारी है और वह खतरे से बाहर बताई जा रही हैं।

घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पड़ोसियों के अनुसार, परिवार में किसी बड़े विवाद की सार्वजनिक जानकारी नहीं थी, जिससे अचानक हुई इस वारदात ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।

प्रतापपुर थाना पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों की हर एंगल से जांच की जा रही है और फोरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। जिस घर में दो दिन पहले शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच में सहयोग की अपील की है।


अन्य पोस्ट