सूरजपुर

एसईसीएल की खदानों में कोयला चोरी के आरोप, छह आरोपी पुलिस के हवाले
17-Feb-2026 10:36 PM
 एसईसीएल की खदानों में कोयला चोरी के आरोप, छह आरोपी पुलिस के हवाले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर/बिश्रामपुर, 17 फरवरी। एसईसीएल के बिश्रामपुर क्षेत्र की आमगांव, अमेरा और गायत्री खदानों में कोयला चोरी की घटनाओं को लेकर प्रबंधन ने कार्रवाई की है। मामले में छह लोगों को पकडक़र पुलिस के हवाले किया गया है।

खदान प्रबंधन का कहना है कि क्षेत्र में संगठित रूप से कोयला चोरी की घटनाएं हो रही हैं। प्रबंधन ने यह भी आरोप लगाया है कि चोरी की शिकायत दर्ज कराने के दौरान पुलिस स्तर पर सहयोग नहीं मिल रहा। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले क्षेत्रीय महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह और सब एरिया मैनेजर आमगांव विजय कुमार त्रिपुरा बटालियन के जवानों के साथ खदान क्षेत्र पहुंचे थे। उस दौरान कुछ लोगों को पकडक़र उनसे लिखित आश्वासन लिया गया और चेतावनी देकर छोड़ा गया। अचानक कार्रवाई के दौरान कई लोग मौके से फरार हो गए थे।

मंगलवार सुबह पुन: औचक निरीक्षण के दौरान टीम ने छह लोगों को पकड़ा। उनके पास से 10 मोटरसाइकिल और 6 मोबाइल फोन जब्त किए गए। सभी को रामानुजनगर पुलिस के सुपुर्द किया गया है।

एसईसीएल के सुरक्षा अधिकारी अमरेंद्र नारायण ने बताया कि कोयला चोरी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट