सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 18 फरवरी। सूरजपुर जिला के लटोरी तहसील अंतर्गत ग्राम सुंदरगंज में स्थित शासकीय भूमि खसरा नंबर 35, 255 एवं 552 पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। यह कार्रवाई ग्राम पंचायत सुंदरगंज के सरपंच एवं ग्राम समिति द्वारा एसडीएम सूरजपुर सहित राजस्व व पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में की जा रही थी।
अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही के दौरान कुछ अतिक्रमणकारी ग्रामीणों ने ग्राम सरपंच एवं ग्राम समिति के सदस्यों के साथ झूमाझटकी की और जेसीबी मशीन पर पथराव कर दिया। पथराव के चलते जेसीबी मशीन को मौके से हटना पड़ा। इस दौरान पथराव में पुलिस वाहन भी चपेट में आ गया, जिससे वाहन का कांच टूट गया।
घटना में तीन ग्रामीणों को चोटें आई हैं। प्रशासन द्वारा मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।


