सूरजपुर

शिवपुर महोत्सव: भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु, जीवंत झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
17-Feb-2026 10:31 PM
शिवपुर महोत्सव:  भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु, जीवंत झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर,17 फरवरी। महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा जलेश्वरनाथ शिवपुर धाम में आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। पहली बार इतने भव्य स्वरूप में आयोजित शिवपुर महोत्सव का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के करकमलों से हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन ने पूरे प्रतापपुर क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।

सुबह से ही शिवपुर धाम स्थित मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज़ के गांवों, कस्बों और आसपास के जिलों से हजारों की संख्या में भक्त भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा शिवपुर धाम गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना करते हुए शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र अर्पित किया।

विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते की विशेष पहल पर आयोजित इस शिवपुर महोत्सव ने धार्मिक आयोजन को सांस्कृतिक उत्सव का रूप दे दिया। शाम होते ही भव्य भजन संध्या एवं जागरण कार्यक्रम ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और बिहार से आए सुप्रसिद्ध भजन गायकों ने शिव भक्ति के मधुर गीतों की अमृत वर्षा की। गायक नीलेश मित्तल एवं उनकी टीम की प्रस्तुति पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। वहीं प्रतापपुर के भजन गायक राजेश गुप्ता के जस गीतों पर लोग ढोल-नगाड़ों की धुन में नाचते नजर आए।

महोत्सव का विशेष आकर्षण रंग-बिरंगी जीवंत झांकियां रहीं। भगवान शिव-पार्वती, श्री गणेश, राधा-कृष्ण, मां दुर्गा और बजरंगबली की झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इन झांकियों ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी दिया। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।

उद्घाटन अवसर पर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने बाबा जलेश्वरनाथ के दर्शन कर क्षेत्रवासियों की खुशहाली व समृद्धि की कामना की। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में भाईचारा, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। विधायक ने शिवपुर धाम के समग्र विकास एवं मेले की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने की बात कही। साथ ही शिवपुर धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने हेतु पर्यटन मंत्री एवं सूरजपुर कलेक्टर से चर्चा कर शीघ्र कार्ययोजना लागू करने की बात भी कही।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश तायल, कार्यक्रम महोत्सव प्रभारी राजेश गुप्ता, शिव शंकर जायसवाल, अवधेश पांडे, सांसद प्रतिनिधि आनंद शुक्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष मानती योगेंद्र सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुखमनिया आयाम, खजूरी सरपंच, प्रफुल्ल गुप्ता, रत्नेश यादव आदि उपस्थित रहे।

आयोजन की व्यवस्थाओं में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों और शिवभक्तों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

हर वर्ष महाशिवरात्रि पर लाखों श्रद्धालु बाबा जलेश्वरनाथ के दर्शन के लिए शिवपुर पहुंचते हैं, लेकिन इस बार शिवपुर महोत्सव के कारण उत्साह और भी अधिक देखने को मिला। शिवपुर महोत्सव ने यह साबित कर दिया कि जब जनप्रतिनिधि और समाज मिलकर प्रयास करते हैं, तो आस्था का उत्सव सांस्कृतिक विरासत और क्षेत्रीय पहचान का प्रतीक बन जाता है। प्रतापपुर की पावन धरती पर आयोजित यह महोत्सव आने वाले वर्षों में और भी भव्य स्वरूप लेगा—ऐसा विश्वास श्रद्धालुओं के उत्साह में साफ झलक रहा है।—-


अन्य पोस्ट