सूरजपुर

अजबनगर में श्री हरिचांद ठाकुर जन्म महोत्सव, वारूनी महामेला की तैयारियां तेज
16-Feb-2026 9:48 PM
अजबनगर में श्री हरिचांद ठाकुर जन्म महोत्सव, वारूनी महामेला की तैयारियां तेज

पांच दिनी धार्मिक उत्सव की रूपरेखा तय, भव्य आयोजन का संकल्प

सूरजपुर, 16 फरवरी। एनएच-43 किनारे स्थित ग्राम पंचायत अजबनगर में इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का संगम देखने को मिलेगा। श्री हरिचांद ठाकुर के 215वें जन्म महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले वारूनी महामेला की तैयारियों को लेकर किरण चांद हरि भजन आश्रम, अजबनगर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक का शुभारंभ श्री हरिचांद ठाकुर के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उपस्थित हरि भक्तों ने संकल्प लिया कि प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी वारूनी महामेला को भव्य और दिव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति ने 16 मार्च से 20 मार्च तक आयोजित होने वाले पांच दिवसीय कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा घोषित की।

कार्यक्रम के तहत 16 मार्च को विशाल कलश यात्रा एवं अधिवास के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। 17 मार्च को पवित्र गंगा स्नान एवं निसान दल का आगमन होगा। 18 मार्च को मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध जेएमडी म्यूजिक ग्रुप द्वारा जीवंत झांकियों के साथ भजन संध्या की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। 19 मार्च को धार्मिक एवं सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 20 मार्च को धर्मसभा, आध्यात्मिक प्रवचन एवं शांति सभा के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा।

आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन शाम 7 से रात 10 बजे तक संध्या आरती का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था रहेगी। एनएच-43 के किनारे स्थित होने के कारण बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना जताई जा रही है।

बैठक में मतुआ महासंघ की अध्यक्ष श्रीमती चित्रा प्रमोद विश्वास, बौद्ध नाथ विश्वास, नेपाल गोसाई, बंग समाज प्रदेश अध्यक्ष रामू घोष, संदीप सरकार, पवन बर्मन, खोखन अधिकारी, तरुण बनिक, सुशांत मंडल सहित मतुआ समाज से बड़ी संख्या में पदाधिकारी कार्यकर्ता व अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि यह महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक जागरण का प्रतीक है। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।


अन्य पोस्ट