सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,15 फरवरी। शासकीय महाविद्यालय सिलफिली में युवा उत्सव व वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य अमित सिंह बनाफर ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालयीन जनभागीदारी समिति सदस्य व मंत्री प्रतिनिधि ठाकुर राजवाड़े थे। अन्य अतिथियों में डॉ. रवींद्र तिग्गा, उद्यानिकी कथा वानिकी महाविद्यालय सिलफिली एवं ललित कुमार भगत कार्यपालन अभियंता विद्युत विभाग, शोभनाथ राजवाड़े, राजेश कुशवाहा, विनोद शाह उपस्थित रहे।
छात्राओं जैतून निशा, नुसरत खातून तथा ज्योति राजवाड़े ने छत्तीसगढ़ राजगीत अरपा पैरी के धार के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एकल नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सुनीता ने तथा दूसरा स्थान विशाखा ने प्राप्त किया। समूह नृत्य प्रतियोगिता में स्वाति मिंज, ज्योति राजवाड़े, रेशमा राजवाड़े, आरती राजवाड़े तथा भारती राजवाड़े के समूह ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों तथा अतिथियों का मन मोह लिया। वे समूह नृत्य प्रतियोगिता के विजेता रहे। मिर्जावती तथा उसके साथियों ने नशामुक्ति पर आधारित मनमोहक तथा मनोरंजन नाटक प्रस्तुत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य अमित सिंह बनाफर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ठाकुर राजवाड़े ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करते रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरुक होना भी विद्यार्थियों के लिए जरूरी है। वर्तमान में संयुक्त परिवार टूट रहे हैं और उनके टूटने में मोबाइल की अहम भूमिका है। मोबाइल पर निर्भरता से बच्चों का कैरियर भी प्रभावित हो रहा है इसीलिए उन्हें उससे दूरी बनानी चाहिए अथवा उसका सही उपयोग करना चाहिए। वर्तमान समय में पर्यावरण के प्रदूषित होते चले जाने से विकट परिस्थितियां पैदा हो रही हैं, इसीलिए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करना चाहिए तथा अधिक से अधिक पेड़ लगाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को खुद की पहचान होनी चाहिए। उसी से उनके जीवन जीवन का समुचित विकास हो सकेगा।
पुरस्कार वितरण प्रारंभ होने से पूर्व अतिथियों के आग्रह पर श्रेष्ठ सांस्कृतिक कार्यक्रमों को पुन: प्रस्तुत किया गया। जिसमें स्वाति मिंज ने भरधरी लोक गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैतुन निशा तथा साथियों ने समूह गायन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात सुनीता ने एकल नृत्य तथा ज्योति राजवाड़े और उनके साथियों ने समूह नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को आनंद से भर दिया।
अंत में भूतपूर्व छात्रा अंसा राजवाड़े ने मनमोहक नृत्य कर महाविद्यालय परिवार के प्रति भूतपूर्व छात्रों के लगाव को व्यक्त किया। प्रस्तुतियों के पश्चात वर्ष भर की खेल तथा सांस्कृतिक-साहित्यिक गतिविधियों के अतिरिक्त युवा उत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा उपविजेताओं को प्रमाण पत्र तथा स्मृति चिन्ह एवं मेडल से सम्मानित किया गया। इसी क्रम में सत्र 2024-25 में कला वाणिज्य तथा विज्ञान संकाय में सर्वश्रेष्ठ प्राप्तांक हेतु क्रमश: वर्षा राजवाड़े, आरती विश्वास तथा निक्की गुप्ता को सम्मानित किया गया।
समारोह को सफल बनाने में प्राध्यापक प्रेमलता एक्का, शालिनी शांता कुजूर, अंजना, आशीष कौशिक, अतिथि व्याख्याता जफ़ीर, डॉ अरुणा त्रिपाठी, करीना राठौर, बिरेन्द्र प्रसाद सिन्हा, श्री ताराचंद साहू, अशोक राजवाड़े, दिनेश, हेमंत, जय व अन्य सक्रिय रहे।


