सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,13 फरवरी। सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं आगामी 17 फरवरी से प्रारंभ हो रही हैं। इसे लेकर डीएवी पब्लिक स्कूल बिश्रामपुर की प्राचार्य अनामिका भारती ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।
प्राचार्य ने कहा कि विद्यार्थी परीक्षा को बोझ न समझें और न ही घबराएं। आत्मविश्वास के साथ पूर्ण एकाग्रता से प्रश्नपत्र हल करें। उन्होंने अंतिम समय में एनसीईआरटी की पुस्तकों का गहन एवं बारीकी से रिवीजन करने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्रों में लगभग 50 प्रतिशत प्रश्न योग्यता एवं अवधारणा आधारित होंगे, इसलिए विद्यार्थियों का कॉन्सेप्ट स्पष्ट होना और नियमित अभ्यास करना आवश्यक है।
उन्होंने सुझाव दिया कि जिन अध्यायों का अध्ययन अब तक नहीं किया गया है, उन पर समय व्यर्थ करने के बजाय तैयार किए गए अध्यायों पर ध्यान केंद्रित करें। परीक्षा के दौरान देर रात तक जागने से बचें, पर्याप्त नींद लें तथा हल्का और पौष्टिक भोजन करें, ताकि स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
प्राचार्य ने बताया कि सीबीएसई की नई गाइडलाइन के अनुसार कक्षा 10वीं के सामान्य विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान प्रश्नपत्रों को हल करने के संबंध में नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनकी जानकारी विद्यार्थियों को दे दी गई है।
विद्यार्थियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सभी छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचना सुनिश्चित करें। निर्धारित यूनिफॉर्म में आएं तथा एडमिट कार्ड, पेन-पेंसिल आदि सामग्री पारदर्शी बैग में रखें।
प्रश्नपत्र को पहले ध्यानपूर्वक पूरा पढ़ें और आसान प्रश्नों को प्राथमिकता से हल करें। अंत के दस मिनट उत्तरपुस्तिका की सावधानीपूर्वक जांच अवश्य करें।


