सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 12 फरवरी। सूरजपुर जिले की बसदेई चौकी पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों को उत्तरप्रदेश के बहराइच जिले से गिरफ्तार किया है।
ग्राम सिरसी निवासी चिंतामणी बंजारे ने चौकी बसदेई में शिकायत दर्ज कराई कि उनके पुत्र अनिल बंजारे एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के एक प्रकरण में जेल में निरुद्ध हैं। आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को थाना प्रभारी और जेल अधीक्षक बताकर उनके पुत्र का नाम प्रकरण से हटवाने का आश्वासन दिया और फोन-पे के माध्यम से 75 हजार रुपये ले लिए।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन उत्तरप्रदेश में मिली। आईजी सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और एसएसपी प्रशांत ठाकुर के निर्देश पर पुलिस टीम उत्तरप्रदेश रवाना हुई।
पुलिस के अनुसार, बहराइच (नेपाल बॉर्डर के समीप) में दबिश देकर इमरान (22 वर्ष) और मोहम्मद आलम (29 वर्ष), निवासी पेटरहा, थाना मोतीपुर, जिला बहराइच (उप्र) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर जेल से छुड़ाने के नाम पर रकम लेने की बात स्वीकार की है।
आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल, 8 सिम कार्ड, 3 बैंक पासबुक, 1 एटीएम कार्ड और 1 चेकबुक जब्त किए गए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।


