सूरजपुर

बीएमएस में निर्णय की प्रक्रिया सामूहिक- सुरेंद्र पांडेय
11-Feb-2026 11:03 PM
बीएमएस में निर्णय की प्रक्रिया सामूहिक- सुरेंद्र पांडेय

राष्ट्रव्यापी हड़ताल को बताया अनुचित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,11 फरवरी। अखिल भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के नव नियुक्त अखिल भारतीय महामंत्री सुरेंद्र पांडेय ने स्थानीय बीएमएस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि संगठन में निश्चित अंतराल पर दायित्व परिवर्तन की परंपरा है और उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि बीएमएस में सभी निर्णय सामूहिक रूप से लिए जाते हैं।

श्री पांडेय ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि संगठित और असंगठित दोनों क्षेत्रों के अधिक से अधिक मजदूर बीएमएस से जुड़ें, ताकि उन्हें उनका वाजिब हक दिलाया जा सके। चार लेबर कोड के विरोध में 12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने इसे अनुचित बताया।

उन्होंने कहा कि कुछ श्रम संगठनों में भ्रम की स्थिति है, जबकि चार श्रम कानूनों में दो पूरी तरह उचित हैं और दो पर बीएमएस ने खुली चर्चा की मांग की है। संगठन ने अपनी आपत्तियां सरकार तक पहुंचा दी हैं और संवाद के माध्यम से समाधान का पक्षधर है। इसी कारण बीएमएस ने हड़ताल से अलग रहने का निर्णय लिया है।

कोयला उद्योग में निजीकरण के प्रभाव पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में अधिकारियों, कर्मचारियों और ट्रेड यूनियनों को ईमानदारी से कार्य करना होगा, अन्यथा भविष्य प्रभावित हो सकता है। ठेका श्रमिकों को नियमित कर्मियों के समान सुविधाएं और न्यूनतम वेतन दिलाने के लिए बीएमएस प्रतिबद्ध है।

उन्होंने युवाओं से रोजगार मांगने के बजाय रोजगार सृजनकर्ता बनने का आह्वान किया और कहा कि सरकार की योजनाओं के माध्यम से उन्हें प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। प्रेस वार्ता में अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ के महामंत्री सुजीत सिंह भी उपस्थित थे। इस अवसर पर उन्होंने श्री पांडेय को देश के सबसे बड़े श्रम संगठन भारतीय मजदूर संघ का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त होने पर शुभकामनाएं दे उनका अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।


अन्य पोस्ट