सूरजपुर
अंबिकापुर में प्लेटफॉर्म निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिश्रामपुर, 5 फरवरी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नवपदस्थ मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राकेश रंजन ने आज अंबिकापुर-अनूपपुर रेल सेक्शन के अंतर्गत अंबिकापुर, करंजी एवं कोतमा रेलवे स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण किया। डीआरएम प्रात: दुर्ग-अंबिकापुर एक्सप्रेस ट्रेन में अटैच सैलून के माध्यम से सीधे अंबिकापुर पहुंचे।
अंबिकापुर स्टेशन पहुंचने के बाद डीआरएम ने स्टेशन पर प्रस्तावित प्लेटफॉर्म नंबर 2 एवं 3 के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर संबंधित अधिकारियों से कारणों की जानकारी ली। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने प्लेटफॉर्म निर्माण कार्य को तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके पश्चात डीआरएम ने अंबिकापुर स्टेशन में निर्माणाधीन पिट लाइन का निरीक्षण किया और अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान वे लगभग एक घंटे से अधिक समय तक स्टेशन परिसर में रुके रहे।
डीआरएम ने स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था, साफ-सफाई, सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष एवं अन्य यात्री सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन परिसर की नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए सतत मॉनिटरिंग के निर्देश अधिकारियों को दिए।
अंबिकापुर के बाद डीआरएम स्पाइक वैन के माध्यम से विंडो निरीक्षण करते हुए करंजी स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने बीच में बंद पड़ी कोल साइडिंग की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि 10 जनवरी से साइडिंग में कोयले की आवक प्रारंभ हो चुकी है तथा 4 फरवरी से रैक के माध्यम से कोयले की आपूर्ति भी शुरू कर दी गई है।
करंजी स्टेशन के निरीक्षण के पश्चात डीआरएम ने कोतमा सहित सेक्शन के अन्य स्टेशनों का भी निरीक्षण किया और इसके बाद बिलासपुर मंडल मुख्यालय के लिए रवाना हो गए।


