सूरजपुर
सूरजपुर,7 फरवरी। औद्योगिक क्षेत्र नयनपुर गिरवरगंज स्थित मित्तल कोल्ड स्टोरेज एंड एग्रो प्रोडक्ट में 13 दिसंबर को हुए हादसे में तीन मजदूरों की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने सुरक्षा में गंभीर लापरवाही की पुष्टि होने पर कोल्ड स्टोरेज के संचालक के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना के दिन कोल्ड स्टोरेज के एक गोदाम में बोरियों में खंडा चावल भरने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान गोदाम की कमजोर एवं जर्जर पार्टीशन दीवार अचानक गिर गई, जिसके मलबे में दबकर ग्राम बेलटिकरी निवासी वेद सिंह, ग्राम डेडरी निवासी भोजसाय तथा ग्राम चुनगढ़ी निवासी विपुल उर्फ माने राजवाड़े की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हुआ था।
घटना के बाद आक्रोशित मजदूरों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने औद्योगिक परिक्षेत्र मार्ग पर धरना-प्रदर्शन करते हुए सडक़ जाम कर दिया था। मामले में की गई मर्ग जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन द्वारा मजदूरों को किसी भी प्रकार के सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। साथ ही जर्जर संरचना होने के बावजूद मजदूरों से कार्य कराया जा रहा था।
जांच में लापरवाही की पुष्टि होने पर कोतवाली पुलिस ने मित्तल कोल्ड स्टोरेज एंड एग्रो प्रोडक्ट के संचालक संदीप अग्रवाल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


