सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 4 जनवरी। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की आमगांव, अमेरा एवं गायत्री खदानों से संगठित रूप से कोयला चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। खदान क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के अभाव का फायदा उठाकर चोर रोजाना बड़ी मात्रा में कोयला चोरी कर रहे हैं।
मंगलवार सुबह एसईसीएल के क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी अमरेंद्र नारायण को सूचना मिली कि आमगांव और गायत्री खदान क्षेत्रों में आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में बलात खदान में प्रवेश कर कोयला ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही हथियारबंद जवानों के साथ सुरक्षा अधिकारी तडक़े गायत्री खदान पहुंचे। जवानों को देखते ही कोयला चोर मौके पर कोयला छोडक़र बाइक से फरार हो गए।
इसके बाद सुरक्षा अमले ने खदान प्रबंधन की मदद से खदान के बाहर बोरियों में भरे बड़ी मात्रा में चोरी के कोयले को जब्त कर स्टॉक में सुरक्षित कराया। इसके पश्चात सुरक्षा टीम आमगांव खदान पहुंची, जहां भी बड़ी संख्या में बाहरी लोग बाइक से कोयला चोरी के इरादे से पहुंचे थे। जवानों को देखकर वे इधर-उधर भागने लगे, जिन्हें सुरक्षा अधिकारी ने सख्त चेतावनी देकर छोड़ा।
उल्लेखनीय है कि एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की आमगांव, अमेरा और गायत्री खदानों से वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 10 हजार टन कोयले का उत्पादन हो रहा है। प्रबंधन द्वारा खदान खोलने के लिए करोड़ों रुपये भूमि अधिग्रहण और अत्याधुनिक मशीनरी पर खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन उत्पादित कोयले की सुरक्षा के लिए अब तक ठोस और प्रभावी व्यवस्था नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।
तस्करों और ईंट भ_ा संचालकों की मौज
ईंट भ_ा सीजन के चलते चोरी के कोयले की मांग तेजी से बढ़ गई है। ईंट भ_ा संचालक महंगे वैध कोयले की जगह सस्ते दामों पर चोरी का कोयला खरीदने से परहेज नहीं कर रहे। लखनपुर, अंबिकापुर और करंजी क्षेत्र के तथाकथित तस्कर खदान क्षेत्रों के आसपास डेरा डालकर कोयले की अवैध खरीद-फरोख्त में सक्रिय हैं।
हालांकि सूरजपुर पुलिस द्वारा तस्करों को संरक्षण नहीं दिए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन सरगुजा जिले के कुछ थानों के प्रभारियों से तस्करों की कथित मिलीभगत की चर्चा जोरों पर है। तस्कर ग्रामीणों को आगे कर कोयला चोरी करवाते हैं, फिर चोरी का कोयला बेहद कम कीमत पर खरीदकर रात के समय जेसीबी और भारी वाहनों से मांग के अनुसार ईंट भ_ों और बनारस की मंडियों व कोल डिपो तक भेज रहे हैं।
हाल ही में सूरजपुर एसपी के निर्देश पर गायत्री खदान से चोरी का कोयला लेकर जा रही एक ट्राला को साइबर सेल और बिश्रामपुर पुलिस ने पकडक़र कार्रवाई की थी, लेकिन कुछ दिनों बाद ही एक बार फिर कोयले का काला कारोबार पूरे जोर पर लौट आया है।


