सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भैयाथान, 20 जनवरी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भैयाथान की प्रथम बैठक का आयोजन सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर नवनिर्मित कांग्रेस कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने और बूथ-बूथ तक कांग्रेस की पकड़ मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
एकजुटता और बूथ सशक्तिकरण पर जोर
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भैयाथान की अध्यक्ष विद्यात्री सिंहदेव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की ताकत उसकी एकजुटता में है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, जनसमस्याओं के साथ खड़े रहने और संगठन को मजबूती देने की दिशा में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
जिला पंचायत सदस्य अखिलेश प्रताप सिंह देव ने कहा कि कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका अहम है। उन्होंने संगठन में सभी को समान महत्व देने और समन्वय के साथ आगे बढऩे की आवश्यकता पर बल दिया।
पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह देव ने संगठन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया और कहा कि कुशल नेतृत्व व सामूहिक प्रयास से कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलेगी।
बैठक में अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी संगठनात्मक विषयों पर अपने विचार रखे और कांग्रेस को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
बैठक में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रावेंद्र प्रताप सिंह, अजय प्रताप सिंह, नूर आलम, संतोष सारथी, इंद्रावती राजवाड़े, राधा देवी, दुर्गा सारथी, शांतनु सिंह, आशीष प्रताप सिंह, राहुल सिंह, दिलीप जायसवाल, विनय पावले, अतुल पाटिल, उपेन्द्र सिंह, विष्णु गुप्ता, अमर सिंह, मनोहर रजवाड़े, रजमोहन राजवाड़े सहित सैकड़ों की संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


