सूरजपुर

किसान कांग्रेस ने धान खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण
18-Jan-2026 9:20 PM
किसान कांग्रेस ने धान खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण

टोकन व भुगतान की समस्या पर सरकार को चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,18 जनवरी। प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा के निर्देश पर प्रदेश महासचिव एवं सूरजपुर जिला प्रभारी किसान कांग्रेस बृजेश कुमार मिश्रा ने अपने प्रभार क्षेत्र के अंतर्गत भैयाथन ब्लॉक के धान खरीदी केंद्र केवरा, सिरसी एवं रजबहा का दौरा कर किसानों से उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी में अधिक वजन लेने तथा हमाली का भुगतान नहीं किए जाने की शिकायतों पर खरीदी प्रभारियों को आवश्यक समझाइश दी।

निरीक्षण के दौरान केवरा धान खरीदी केंद्र में कुल 854 पंजीकृत किसानों में से 636 किसानों की खरीदी हो चुकी है, जबकि शेष किसानों को टोकन नहीं मिल पाया है। प्रभारी द्वारा बताया गया कि टोकन जारी करने के लिए लिमिट बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। वहीं सिरसी केंद्र में 956 पंजीकृत किसानों में से 627 किसानों की खरीदी हो चुकी है तथा 279 किसानों के टोकन कटे हुए हैं, जबकि 50 किसानों के टोकन शेष हैं। रजबहा केंद्र में कुल 1648 पंजीकृत किसानों में से 1116 किसानों की खरीदी हो चुकी है, जबकि 532 किसान शेष हैं।

प्रदेश महासचिव बृजेश कुमार मिश्रा ने सभी खरीदी प्रभारियों को निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए और टोकन के लिए लिमिट बढ़वाने की कार्रवाई तेज की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो किसान कांग्रेस आंदोलन करने को बाध्य होगी। निरीक्षण के दौरान भैयाथन ब्लॉक अध्यक्ष किसान कांग्रेस अशोक कुमार कुशवाहा भी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट