सूरजपुर

राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह शुरु: हेलमेट रैली व यातायात जागरूकता रथ को दिखाई झंडी
01-Jan-2026 9:15 PM
राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह शुरु: हेलमेट रैली व यातायात जागरूकता रथ को दिखाई झंडी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 1 जनवरी। राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह के अंतर्गत नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने, दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने हेतु प्रेरित करने तथा सडक़ दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी देने के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह का शुभारंभ गुरुवार, 1 जनवरी 2026 को कलेक्टर एस. जयवर्धन एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर स्कूली छात्राओं द्वारा हेलमेट जागरूकता रैली एवं यातायात जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कलेक्टर

कलेक्टर एस. जयवर्धन ने कहा कि नागरिकों को अपनी स्वयं की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। हम सभी की जागरूकता और नियमों के पालन से सडक़ दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी। हर व्यक्ति की जान कीमती है, इसलिए बाइक चलाते समय हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें।

उन्होंने कहा कि यातायात नियम केवल निर्देश नहीं, बल्कि सुरक्षित और व्यवस्थित जीवन की अनिवार्य आवश्यकता हैं।

एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक मनाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने एवं यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने बताया कि जिले में यातायात जागरूकता के 4372 आयोजनों के माध्यम से लगभग 7 लाख लोगों को जागरूक किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।  वर्ष 2024 में जिले में 435 सडक़ दुर्घटनाएं हुई थीं, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 428 हो गई है। वर्ष 2025 में मृत्यु दर में 4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती दिखाते हुए वर्ष 2025 में एमवी एक्ट के तहत 38,309 प्रकरणों में कार्रवाई कर 1 करोड़ 46 लाख 14 हजार 150 रुपये समन शुल्क वसूला गया। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने के 801 मामलों में न्यायालय द्वारा 77 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

कार्यक्रम को वरिष्ठ अधिवक्ता जीएस मिश्रा रेड क्रॉस सोसायटी के उपाध्यक्ष ओंकार पाण्डेय ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम का संचालन आरक्षक शशिकांत मिश्रा ने किया। इस अवसर पर एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे, यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट