सूरजपुर

धान खरीदी केंद्रों का कांग्रेसियों ने किया निरीक्षण, समस्याएं जानी
27-Dec-2025 9:26 PM
धान खरीदी केंद्रों का कांग्रेसियों ने किया निरीक्षण, समस्याएं जानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 27 दिसंबर। किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बृजेश कुमार मिश्रा ने प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील सिंह के निर्देश पर धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अपने कांग्रेसी साथियों के साथ किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानी तथा यूएफआर संबंधी दिक्कतों को दूर कराने में सहयोग किया।

श्री मिश्रा ने सोसाइटी से लेकर तहसील स्तर तक खरीदी व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने की बात कही। उन्होंने किसानों को टोकन उपलब्ध कराने में भी सहयोग किया और खरीदी प्रभारी अधिकारियों से चर्चा कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि वजन में गड़बड़ी, अवैध वसूली या किसी प्रकार की अनियमितता न हो तथा हमाल का भुगतान समिति से ही किया जाए।

प्रदेश महासचिव ने आरोप लगाया कि बार-बार किसानों की समस्याएं उठाए जाने के बावजूद प्रदेश की भाजपा सरकार उदासीन बनी हुई है। यदि स्थिति नहीं सुधरी तो कांग्रेस पार्टी किसानों के हितों की रक्षा के लिए सडक़ पर उतरने को बाध्य होगी। इस दौरान मंडल अध्यक्ष सीधमा भुनेश्वर सिंह, जयकुमार तिर्की, संघन अगरिया और बरातू राम भी साथ रहे।


अन्य पोस्ट