सूरजपुर

आधे दिन तक रहा घना कोहरा, दोपहर बाद मिली राहत
19-Dec-2025 10:46 PM
आधे दिन तक रहा घना कोहरा, दोपहर बाद मिली राहत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 19 दिसंबर। कोयलांचल समेत आसपास इलाके में शुक्रवार की सुबह ऐसा नजारा देखने को मिला ,मानो पूरा क्षेत्र सफेद चादर में लिपट गया हो। घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया।

सुबह-सुबह घरों से निकलने वाले लोग कोहरे के बीच रास्ता तलाशते नजर आए, वहीं सडक़ों पर दृश्यता इतनी कम थी कि वाहन चालकों को खासी परेशानी उठानी पड़ गई। कोहरे के कारण स्कूल जाने वाले बच्चे, दफ्तर और खदानों की ओर जाने वाले कई कर्मचारी समय पर नहीं पहुंच सके। सार्वजनिक परिवहन भी प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को खासा इंतजार करना पड़ा। सुबह की सैर पर निकलने वाले लोग भी मजबूरन घरों में ही दुबके रहे।

 मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर ठंड के रूप में साफ दिखाई दिया। ठिठुरन बढऩे से शहर के चौक-चौराहों, बस स्टैंड और रिहायशी इलाकों में अलाव जलते नजर आए। लोग हाथ सेंकते हुए ठंड से बचाव करते दिखे। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों के लिए यह मौसम विशेष रूप से परेशान करने वाला रहा।

करीब 12 बजे दोपहर बाद जब सूर्य देव की हल्की झलक दिखाई दी तो लोगों ने राहत की सांस ली। धूप निकलते ही वातावरण में कुछ गर्माहट आई और जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौटता नजर आया।

जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में भी सुबह और रात के समय कोहरा व कड़ाके की ठंड बनी रह सकती है।

ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने, वाहन धीमी गति से चलाने और ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करने की अपील की गई है।


अन्य पोस्ट