सूरजपुर
शीघ्र भुगतान की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 17 दिसंबर। प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत कुछ ग्राम पंचायतों में 15वें वित्त आयोग की जिला विकास निधि मद से स्वीकृत विकास कार्यों के भुगतान के लंबित होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंचों और जनप्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा को पत्र लिखकर भुगतान शीघ्र कराने का अनुरोध किया है।
पत्र में सरपंचों ने बताया है कि पंचायतों द्वारा स्वीकृत विकास कार्य नियमानुसार पूर्ण कर लिए गए थे और उनके पूर्णता प्रमाण पत्र (सीसी) लगभग एक वर्ष पूर्व जिला पंचायत में जमा किए जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक भुगतान नहीं हुआ है। सरपंचों के अनुसार इससे पंचायत स्तर पर प्रशासनिक और वित्तीय दिक्कतें उत्पन्न हो रही हैं।
इन पंचायतों के कार्यों का भुगतान लंबित
सरपंचों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बरपटिया में सतीकोनहा बांध का गहरीकरण, बनखेता तालाब का गहरीकरण तथा बरदोहर तालाब की सफाई से जुड़े कार्यों का भुगतान लंबित है।
ग्राम पंचायत अमनदोन में तहसील परिसर में हाट-शेड निर्माण कार्य का भुगतान नहीं हुआ है।
ग्राम पंचायत डुलदुली में ट्यूबवेल खनन, तालाब गहरीकरण, घाटपेण्डारी तालाब की सफाई एवं गहरीकरण, हैंडपंप खनन तथा अन्य जलस्रोत से जुड़े कार्यों का भुगतान लंबित बताया गया है।ग्राम पंचायत भेडिय़ा में ट्यूबवेल खनन कार्य का भुगतान अब तक जारी नहीं होने की जानकारी दी गई है।
सरपंचों ने अपने पत्र में कहा है कि भुगतान में हो रही देरी को लेकर उन्हें स्पष्ट कारण नहीं बताया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि भुगतान में विलंब के पीछे अन्य कारण भी हो सकते हैं। हालांकि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
विकास कार्यों पर पड़ रहा असर
सरपंचों के अनुसार 15वें वित्त आयोग की राशि से किए गए कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में जलस्रोत संरक्षण, पेयजल व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े हैं। भुगतान लंबित रहने से ठेकेदारों और मजदूरों को भुगतान करने में कठिनाई आ रही है।
आंदोलन की चेतावनी
सरपंचों ने अध्यक्ष रामसेवक पैकरा से अनुरोध किया है कि जिला पंचायत स्तर पर लंबित भुगतानों की समीक्षा कर शीघ्र राशि जारी कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो सभी सरपंच सामूहिक रूप से आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
उन्होंने यह भी कहा है कि यदि समय पर समाधान नहीं होता है तो वे आगे की रणनीति पर विचार करेंगे।