सूरजपुर
मुआवजा दिलाने के नाम पर मांगी थी आधी रकम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 16 दिसंबर। सरगुजा एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने जरही नायब तहसील कार्यालय में पदस्थ लिपिक तोखन सिंह सोढ़ी को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एसीबी के अनुसार आरोपी को 25 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया।
एसीबी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के कोटेया थाना क्षेत्र निवासी रमेश राजवाड़े का मकान आंधी-तूफान के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था। नुकसान का आंकलन पटवारी द्वारा किया गया, जिसके बाद प्रकरण नायब तहसील जरही में प्रस्तुत किया गया। प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत 80 हजार रुपये का मुआवजा स्वीकृत किया गया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मुआवजा की राशि जारी कराने के लिए कार्यालय में पदस्थ लिपिक तोखन सिंह सोढ़ी ने 40 हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने पहले 15 हजार रुपये दिए, इसके बाद शेष राशि की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने पर एसीबी ने प्राथमिक जांच की और इसके बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। मंगलवार को एसीबी की टीम टीआई शरद सिंह के नेतृत्व में जरही नायब तहसील कार्यालय पहुंची। शिकायतकर्ता को केमिकल लगे 25 हजार रुपये दिए गए। एसीबी के अनुसार, जैसे ही राशि आरोपी को दी गई और उसने पैसे अपने पास रखे, टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी तोखन सिंह सोढ़ी की मूल पदस्थापना हाईस्कूल जरही में चपरासी के पद पर थी और वह राजस्व कार्यालय में संलग्न था। इस संबंध में भी जांच की जा रही है। एसीबी का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई प्रचलित कानून के अनुसार की जाएगी।