सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर/बिश्रामपुर, 16 दिसंबर। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली गायत्री खदान में रोड सेल व्यवस्था के संचालन को लेकर प्रबंधन के कुछ अधिकारियों पर डीओ होल्डरों से मिलीभगत कर नियमों का पालन नहीं करने के आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि इस प्रक्रिया के कारण कंपनी को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
इस संबंध में जब क्षेत्रीय महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की कोई अनियमितता है तो इसकी जांच कराई जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, कोल इंडिया प्रबंधन द्वारा सरकारी निर्देशों के तहत खदानों से माइनस 100 एमएम साइज का कोयला आपूर्ति किए जाने का प्रावधान है। इसका उद्देश्य पर्यावरण मानकों का पालन, कोयला चोरी की रोकथाम और बिजली संयंत्रों के लिए उपयुक्त कोयले की आपूर्ति बताया जाता है।
आरोप है कि बिश्रामपुर क्षेत्र की गायत्री खदान, जहां निजी कंपनी गैंनवेल द्वारा कोयला उत्पादन किया जा रहा है, वहां इस प्रावधान का पूरी तरह पालन नहीं किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि फीडर ब्रेकर में बदलाव कर माइनस 100 एमएम के स्थान पर बड़े साइज का कोयला तैयार किया जा रहा है।
सूत्रों का दावा है कि बड़े साइज के इस कोयले की आपूर्ति रोड सेल के माध्यम से कुछ डीओ होल्डरों को की जा रही है, जबकि डीओ में माइनस 100 एमएम साइज का उल्लेख रहता है। आरोप लगाने वालों का कहना है कि इस व्यवस्था से डीओ होल्डरों को लाभ मिलता है।
इसी क्रम में यह भी आरोप सामने आए हैं कि बड़े साइज का कोयला उपलब्ध होने से खदान क्षेत्र में कोयला चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, खदान के स्टॉक से कोयला निकालकर आसपास के क्षेत्रों में बेचे जाने की शिकायतें हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कुछ सूत्रों का यह भी कहना है कि नियमों के अनुसार कोयला क्रश कर आपूर्ति किए जाने से चोरी की घटनाओं में कमी आ सकती है, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है।
इस मामले में यह आरोप भी लगाए गए हैं कि बड़े साइज के कोयले के उत्पादन से निजी कंपनी को क्रशिंग प्रक्रिया में समय और खर्च की बचत होती है। हालांकि इस संबंध में कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
स्थानीय स्तर पर पूरे मामले की जांच की मांग की जा रही है, ताकि रोड सेल व्यवस्था, कोयला आपूर्ति प्रक्रिया और नियमों के पालन की स्थिति स्पष्ट हो सके।