सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 15 दिसंबर। सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम जमदेई में ट्रिपल मर्डर के आरोपी की बीती रात अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी अभिषेक पैकरा,जयनगर पुलिस एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक रामजतन पनिका (52 वर्ष), निवासी खालपारा जमदेई, करीब आठ वर्ष पूर्व अपनी मां, पत्नी और बच्चे की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। वह लगभग आठ वर्षों तक जेल में निरुद्ध रहा और करीब एक वर्ष पूर्व रिहा हुआ था। बताया गया कि वह घटना के समय घर पर अकेला था। पुलिस ने घर के बाहर बरामदे से खून से सना शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई की।
हत्या के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक तौर पर जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है।
विवादित जमीन पर निर्माण का मामला आया सामने
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक अपने घर के समीप वर्तमान में पक्के मकान का निर्माण करा रहा था। अपुष्ट सूत्रों का कहना है कि जिस भूमि पर निर्माण किया जा रहा था, उसे वह पहले बेच चुका था, बावजूद इसके कब्जा नहीं छोड़ते हुए उसी भूमि में निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
जांच के दौरान डॉग स्क्वायड मृतक के घर के आसपास घूमने के बाद कुछ दूरी पर स्थित कॉलरी कर्मी नवल दास के घर तक पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने संदेही नवल दास को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जयनगर पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी है।