सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 15 दिसंबर। सूरजपुर जिले के घुई रेंज के रेवटी सर्किल के ढोंढा बिट में पी 705 में सोमवार को नर बाघ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर से हडक़ंप मच गया है। वयस्क नर बाघ के जंगल में शव मिलने की सूचना पर वन विभाग के आला अधिकारी घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
बाघ के शरीर में चोट के निशान से अनुमान लगाया जा रहा है कि यह शिकारियों की करतूत है और बाघ को मारने जाल बिछाया गया होगा। बाघ के दांत और नाखून गायब होने से शिकारियों के द्वारा घटना को अंजाम देने की आशंका है।
वन मंडला अधिकारी सूरजपुर दुलेश्वर प्रसाद साहू ने बताया कि घटना की सूचना सोमवार को मिलते ही वे स्वयं और उनकी टीम मौके पर पहुंच मृत बाघ के शव पंचनामा की कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि घटना एक-दो दिन पुराना है। उन्होंने करंट से भी मौत की संभावना जताई है। वन विभाग की टीम पशु चिकित्सकों की टीम को मौके पर पीएम के लिए बुलाया है। उन्होंने बताया कि पीएम के बाद बाघ के मौत की असली वजह स्पष्ट होगी। घटना के बाद वन विभाग पूरे जंगल मे शिकारियों को ढूंढने डॉग स्क्वायड के साथ सर्च अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि घटना एक-दो दिन पुराना है । पीएम रिपोर्ट के बाघ के मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।