सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 14 दिसंबर। राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा सूरजपुर के तत्वाधान में सूरजपुर कलेक्टर एस जयवर्धन के निर्देशन में गृह आधारित शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों के पालकों का एक दिवसीय कार्यशाला कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सूरजपुर में संपन्न हुआ।
मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के पश्चात सहायक परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा सोमनाथ चौबे के उद्बोधन से कार्यशाला का आरंभ हुआ।
समावेशी शिक्षा के मास्टर ट्रेनर्स प्रमोद कुमार टंडन और राधा नंदी के द्वारा दिव्यांग बच्चों के दैनिक जीवन कौशल के संपादन की जानकारी, आवश्यकता अनुसार बच्चों की थेरेपी, दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया,उनको प्रदान किया जा रहे हैं एलाउंस तथा उन्हें प्रदान किए गए उपकरणों के उचित रखरखाव, बच्चों के समुचित देखभाल तथा शासन के अन्य योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में मार्गदर्शन के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा के साथ जिला मिशन समन्वयक मनोज कुमार साहू के साथ-साथ सहायक संचालक रविंद्र सिंह देव, एपीसी सुरबिंद गुर्जर, अटेंडर मंजू दुबे उपस्थित रहे।