सूरजपुर
किसान बोले—अब उग्र आंदोलन ही रास्ता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 12 दिसंबर। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के अंतर्गत संचालित प्रतापपुर, दवनकरा, जगन्नाथपुर, चंदौरा, रेवटी, टुकूडांड़, सोनगरा, कोटेया और गोविंदपुर सहित कई धान खरीदी केंद्रों में किसानों ने अवैध वसूली के आरोप लगाए हैं।
किसानों का कहना है कि हमाली, तौलाई और छल्ली के नाम पर प्रति बोरा 15 से 20 रुपये तक लिए जा रहे हैं। कुछ किसानों ने यह भी कहा कि उनसे 500 ग्राम से 1 किलो तक अतिरिक्त धान लिया जा रहा है। किसानों ने साफ कहा कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो वे मुख्यमंत्री और कलेक्टर को ज्ञापन देकर उग्र आंदोलन करेंगे।
किसानों ने बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया होने के बावजूद पर्ची के लिए 500 से 1000 रुपये तक मांगे जा रहे हैं। कुछ किसानों ने आरोप लगाया कि यह प्रथा समिति कर्मियों और कुछ स्थानीय व्यक्तियों की मिलीभगत से लंबे समय से चल रही है।
किसानों के अनुसार खरीदी केंद्रों में उन्हें लंबे समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ती है और प्रक्रिया के दौरान विभिन्न शर्तें बताई जाती हैं।
किसानों का कहना है कि इन समस्याओं के चलते उन्होंने कई केंद्रों पर वसूली के खिलाफ आपत्ति जताई है।
किसानों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से उन्हें नुकसान हो रहा है। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
आंदोलन की चेतावनी
किसानों ने बताया कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे मुख्यमंत्री और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आगे की कार्रवाई के लिए कदम उठाएंगे।
सूरजपुर कलेक्टर एस. जयवर्धन ने कहा—किसी भी प्रकार की अवैध वसूली अपराध की श्रेणी में आती है। मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर समिति प्रबंधकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।