सूरजपुर

अनियंत्रित पार्किग को लेकर धरना, सौंपा ज्ञापन
10-Dec-2025 10:50 PM
अनियंत्रित पार्किग को लेकर धरना, सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर,10 दिसंबर। जगन्नाथपुर खुली खदान के बाहर सडक़ की नाजुक स्थिति और अनियंत्रित पार्किंग को लेकर अपनी पूर्व घोषित चेतावनी पर अमल करते हुए समाजिक कार्यकर्ता राकेश मित्तल ने हाथों में मांगें लिखीं तख्तियां लेकर एसडीएम कार्यालय प्रतापपुर के बाहर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। करीब चार घंटे बाद तहसीलदार ने ज्ञापन लेकर धरना समाप्त कराया और बताया कि एसईसीएल ने अव्यवस्थित सडक़ में सुधार कार्य आरम्भ कर दिया है।

बता दें कि कोयला खदान के बाहर गोहगड़ नाला से लेकर पम्पापुर चौक तक सडक़ की स्थिति खराब है,सडक़ के दोनों ओर बड़ी संख्या में ट्रकों का जमावड़ा रहता है जो खदान के कारण है।सामाजिक कार्यकर्ता राकेश मित्तल ने इन स्थितियों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा था और तय कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को सुबह 11 बजे से वे एसडीएम कार्यालय के बाहर मांगें लिखीं तख्तियां लेकर धरने पर बैठ गए। इस बीच धरना स्थल पर तहसीलदार चंद्रशिला जायसवाल पहुंचीं और उन्होंने बताया कि धरना के लिए आपके ज्ञापन के बाद एसईसीएल ने अव्यवस्थित सडक़ को व्यवस्थित करने का काम शुरू कर दिया है।

उन्होंने बताया कि सडक़ की सफाई के साथ ट्रकों की नियंत्रित पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है और अब सडक़ के बीच ट्रकों का जमावड़ा नहीं होगा।कलेक्टर सूरजपुर ने कल बैठक के दौरान एसईसीएल के अधिकारियों को गड्ढे भरने के साथ आम राहगीरों की सुविधा के अनुरूप सडक़ को व्यवस्थित करने निर्देश दिए थे।आंदोलनकारी राकेश मित्तल ने तहसीलदार से कहा कि सडक़ आम लोगों की सुविधा के अनुरूप होनी चाहिए,पहली प्राथमिकता आम लोग हों और इसके बाद एसईसीएल।उनकी मनमर्जी पर लगाम लगना चाहिए क्योंकि मामला आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ा है।

उन्होंने कहा कि यहां की स्थिति को लेकर आए दिन बातें आती हैं,जब आंदोलन की चेतावनी दी जाती है तब प्रबंधन सिर्फ दिखावा के लिए थोड़ी बहुत सफाई कर देता है लेकिन फिर स्थित बदतर हो जाती है।तहसीलदार से उन्होंने कहा कि एक हफ्ते में स्थिति आम लोगों के अनुकूल नहीं हुई तो खदान के बाहर अपने साथियों के साथ धरने पर बैठेंगे। धरना के समर्थन में मुकेश गोयल,बनवारीलाल गुप्ता,जितेंद्र दुबे,दीपक चंद मित्तल,गुलशन गुप्ता,जिशान खान,तनवीर आलम सहित सुरक्षा की दृष्टि से चन्दोरा थाना प्रभारी मनोज सिंह, खडग़वां प्रभारी रघुवंश सिंह,प्रतापपुर के एएसआई हरिशंकर तिवारी दल बल के साथ मौजूद थे।

एक तरफ धरना दूसरी तरफ सुधार कार्य...

धरना प्रदर्शन के आवेदन के बाद खदान प्रबंधन ने सडक़ में उभारों को साफ करने का काम शुरू कर दिया था।आज बुधवार को जब धरना शुरू होते ही खदान प्रबंधन ने सडक़ को व्यवस्थित करने का काम शुरू कर दिया था।मिली जानकारी के अनुसार पार्किंग की लिए मुख्य सडक़ के किनारे मौजूद खाली जमीन को समतल किया जा रहा था। ट्रकों को सडक़ से हटा दिया गया था और पूरी सडक़ साफ की जा रही थी ताकि आम राहगीरों को आवागमन के लिए पर्याप्त और व्यवस्थित सडक़ मिल सके।

धरना प्रदर्शन हाईस्कूल मैदान का अस्तित्व बचाने की मांग को लेकर भी था क्योंकि इसके अंदर गृह निर्माण मंडल द्वारा इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है जिससे इस महत्वपूर्ण खेल मैदान का अस्तित्व खतरे में आ गया है।इसे लेकर राकेश मित्तल ने तहसीलदार से कहा कि पहले इसका निर्माण काम बंद हो और इसके बाद विधिवत जांच हो।इस पर तहसीलदार ने कहा कि शासकीय काम है इसलिए काम बंद नहीं करा सकते लेकिन जांच के बाद नियमानुसार कार्यवाही होगी।एसआईआर की वजह से जांच में लेट हुई है लेकिन अब संबंधित विभाग से सभी दस्तावेज मंगाए जा रहे हैं।राकेश मित्तल ने तत्काल जांच और इसके बाद काम बंद व कार्यवाही न होने पर कार्यस्थल पर आंदोलन की बात कही।


अन्य पोस्ट