सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 9 दिसंबर। सूरजपुर जिला अस्पताल में एक गर्भवती महिला को डाक्टर नहीं मिला,जिसके बाद नर्सों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन महिला को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर आ ही रहे थे कि गर्भवती महिला ने रास्ते में ही बच्चे को जन्म दे दिया। डिलीवरी के बाद नवजात की मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला को भी मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के लाछा निवासी कविता सिंह 9 महीने की गर्भवती थी। गत सोमवार शाम प्रसव पीड़ा बढऩे पर परिजन उसे निजी वाहन से सूरजपुर अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां कोई भी चिकित्सक उपलब्ध नहीं था। नर्सों ने कुछ देर प्रसव की स्थिति देखने के बाद उसे स्लाइन लगाया और तुरंत अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज जाने को कहा।
परिजन कविता सिंह को एम्बुलेंस से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे। रास्ते में ही उसका प्रसव हो गया और नवजात की मौत हो गई। परिजन प्रसूता को लेकर अंबिकापुर अस्पताल पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।


