सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 8 दिसंबर। थाना चांदनी पुलिस ने पत्नी की हत्या कर फरार चल रहे आरोपी को ओडिशा से लौटते ही गिरफ्तार कर लिया।
मामला 18 नवंबर की रात का है, जब आरोपी अशोक रजक ने घरेलू विवाद—खाना नहीं बनाए जाने की बात—को लेकर अपनी पत्नी देवकुमारी की डंडा और सिलबट्टा से हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया था तथा ऊपर से पैरा डालकर छिपा दिया था।
घटना का खुलासा तब हुआ, जब मृतका की बहन प्रभावती काशी चांदनी थाने पहुंची और भतीजे ने घटना की जानकारी दी। छोटे बेटे ने बताया कि पिता द्वारा मां को पीटते देख उसने रोकने की कोशिश की तो उसे भी मारा गया, जिसके बाद वह डरकर बाड़ी में छिप गया।
मामले में थाना चांदनी में धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार था।
एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने घर लौटा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा व सिलबट्टा जब्त किए गए।


