सूरजपुर

प्रतापपुर में विधायक का भव्य स्वागत
08-Dec-2025 10:27 PM
प्रतापपुर में विधायक का भव्य स्वागत

पौने 5 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 8 दिसंबर। जनपद पंचायत प्रतापपुर के ग्राम पंचायत मानी और खोरमा-कैराडांड में बुधवार को क्षेत्रीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कुल 4 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का भूमिपूजन किया। पारंपरिक सैला-करमा नृत्य, फूलमालाओं और भारी भीड़ के उत्साहपूर्ण स्वागत ने कार्यक्रम को भव्य बना दिया।

ग्राम पंचायत मानी में 2 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से जलाशय के गहरीकरण, नहर लाइनिंग और जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया गया, जिससे किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा मिलेगी और जल संरक्षण को गति मिलेगी। ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने 5 लाख रुपये से मंदिर मरम्मत, 15 लाख रुपये के सामुदायिक भवन, एक हैंडपंप और अन्य 21 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। ग्रामीणों ने बताया कि पहली बार कोई विधायक इतनी आत्मीयता से गाँव में बैठकर उनकी समस्याएँ सुन रहा है और इतनी बड़ी सौगात दे रहा है।

दूसरे चरण में विधायक खोरमा-कैराडांड पहुँचीं, जहाँ बांकी नदी के किनारे एनिकट के पास 2 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से बनने वाली विशाल रिटर्निंग वॉल का भूमिपूजन किया गया। यह कार्य बरसात में होने वाले नदी कटाव को रोकेगा और किसानों की फसलों को सुरक्षा प्रदान करेगा। साथ ही खोरमा क्षेत्र के अन्य निर्माण कार्यों के लिए भी राशि स्वीकृत करने का आश्वासन दिया गया।

दोनों कार्यक्रमों में सैला-करमा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सव में बदल दिया। ग्रामीणों की भारी उपस्थिति ने यह साबित किया कि विधायक पोर्ते की लोकप्रियता गांव–गांव में लगातार बढ़ रही है। अपने उद्बोधन में विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार में प्रतापपुर विधानसभा चतुर्मुखी विकास की ओर तेजी से अग्रसर है और विकास कार्यों में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।


अन्य पोस्ट