सूरजपुर
सामाजिक कार्यकर्ता ने कलेक्टर के नाम एसडीएम प्रतापपुर को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 6 दिसंबर। प्रतापपुर-अंबिकापुर मार्ग स्थित जगन्नाथपुर खुली कोयला खदान के बाहर सडक़ की बदहाल स्थिति और अनियंत्रित पार्किंग के खिलाफ बुधवार को एसडीएम कार्यालय प्रतापपुर के बाहर एक दिवसीय धरना आयोजित किया जाएगा। इसके लिए प्रतापपुर के सामाजिक कार्यकर्ता राकेश मित्तल ने कलेक्टर सूरजपुर के नाम एसडीएम प्रतापपुर को ज्ञापन सौंपा है।
आम लोगों का चलना मुश्किल
गोहगड़ नाला से पम्पापुर चौक तक सडक़ की स्थिति बेहद खराब है। दोनों ओर भारी संख्या में ट्रकों की कतारें लगी रहती हैं, जिससे आम नागरिकों का आवागमन बाधित हो रहा है।
राकेश मित्तल ने बताया कि इस मार्ग पर रोज दुर्घटनाएं हो रही हैं और हालात ऐसे हो चुके हैं कि यह सडक़ आम जनता के लिए नहीं, बल्कि एसईसीएल की निजी सडक़ जैसी बन गई है। कई बार शिकायत, चेतावनी और आंदोलन की घोषणा के बावजूद एसईसीएल पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।
उन्होंने कहा कि एसईसीएल केवल दिखावटी सुधार करता है, लेकिन आम लोगों को आज भी राहत नहीं मिलती। महान पुल और सडक़ मरम्मत के कई आश्वासन दिए गए, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। बारिश के बाद सडक़ निर्माण की जानकारी बैठक में दी गई थी, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ज्ञापन के बाद हटाए गए टीलेनुमा उभार
ज्ञापन सौंपने के बाद शनिवार सुबह एसईसीएल ने खदान के सामने करीब एक किलोमीटर तक बने टीलेनुमा उभारों को हटवाया, जो कोयले की डस्ट से बने थे और वाहनों के लिए खतरा पैदा कर रहे थे।
इस स्थिति को लेकर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुमार सिंह देव ने भी एसईसीएल अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई थी।
स्थानीय नागरिकों से अपील
राकेश मित्तल ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बुधवार को होने वाले धरना-प्रदर्शन में शामिल हों, ताकि एसईसीएल की मनमर्जी पर रोक लगाई जा सके और सडक़ व पार्किंग की समस्याओं का समाधान मिल सके।


