सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 29 नवंबर। सूरजपुर जिले के भैयाथान ब्लॉक के ग्राम बिसाही नवापारा में शुक्रवार देर रात एक दंतैल हाथी ने किसान दंपति पर हमला कर उनकी जान ले ली।
मृतकों की पहचान कबिलास राजवाड़े और उनकी पत्नी धनियारो के रूप में हुई है। दोनों धान की कटाई के बाद खलिहान में रखी धान की रखवाली के लिए पास ही झोपड़ी में ठहरे थे।
रात में अचानक पहुंचे दंतैल हाथी ने अहाता तोड़ दिया और जैसे ही दंपति बाहर निकले, हाथी ने उन पर हमला कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह ग्रामीणों को मिले क्षत-विक्षत शव
अगली सुबह ग्रामीण खेत पहुंचे तो दंपति के शव क्षत-विक्षत हालत में पड़े मिले। सूचना पर वन विभाग और भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
दो दंतैल हाथियों का अलग-अलग क्षेत्रों में विचरण
स्थानीय सूत्रों के अनुसार हमला करने वाला हाथी दल से बिछडक़र इस इलाके में भटक रहा है। एक अन्य दंतैल हाथी मोहनपुर क्षेत्र में भी दिखाई दे रहा है, जिससे ग्रामीण दहशत में हैं।
परिजनों को सहायता राशि
वन विभाग ने मृतक परिवार को 25-25 हजार रुपये की त्वरित सहायता राशि प्रदान की। पूर्व विधायक पारसनाथ राजवाड़े और जिला पंचायत सदस्य अनुज राजवाड़े ने पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।
वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का लोकेशन समय पर उपलब्ध नहीं कराया जाता और न ही रोकथाम के पुख्ता इंतजाम किए जाते हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।