सूरजपुर

आईएएस अफसर पर कार्रवाई की मांग, एसपी को सौंपा ज्ञापन
29-Nov-2025 10:44 PM
 आईएएस अफसर पर कार्रवाई की मांग, एसपी को सौंपा ज्ञापन

विश्रामपुर, 29 नवंबर। मध्यप्रदेश के एससी-एसटी अधिकारी-कर्मचारी संगठन के नवनियुक्त प्रांत अध्यक्ष और आईएएस अधिकारी संतोष कुमार वर्मा द्वारा हाल ही में दिए गए कथित विवादित बयान को लेकर विरोध बढ़ रहा है। इसी मुद्दे पर सर्व ब्राह्मण समाज सूरजपुर के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक सूरजपुर को ज्ञापन सौंपकर आईएएस अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

मामले में बढ़ते विवाद के बाद मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने आईएएस संतोष कुमार वर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने उनसे सात दिन के भीतर जवाब मांगा है, अन्यथा एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।

गुरुवार को समाज के जिलाध्यक्ष मनोज अवस्थी के नेतृत्व में पदाधिकारी एसपी कार्यालय पहुंचे। समाज द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि आईएएस अधिकारी के कथित बयान से समाज की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। ज्ञापन में भारतीय दंड संहिता की धारा 499 और 500 का उल्लेख करते हुए इसे मानहानि और जातिगत टिप्पणी का मामला बताया गया है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि किसी लोकसेवक द्वारा इस प्रकार का कथित बयान देना ‘‘कानूनी रूप से अधिक गंभीर’’ माना जा सकता है। समाज ने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई तो आगे आंदोलन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष मनोज अवस्थी ने कहा कि आवेदन संविधान के दायरे में रहकर दिया गया है और अब प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करे। ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज के जिला पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट