सूरजपुर

आपातकाल की 50वीं बरसी पर रामसेवक पैकरा ने कांग्रेस पर बोला हमला
25-Jun-2025 9:33 AM
आपातकाल की 50वीं बरसी पर रामसेवक पैकरा ने कांग्रेस पर बोला हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 24 जून। भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में लगे सबसे काले धब्बे-वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल-की 50वीं बरसी पर मंगलवार को सूरजपुर जिला भाजपा कार्यालय अटल कुंज में एक विशेष प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान प्रेस वार्ता के मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ शासन वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा एवं पूर्व भाजपा जिलाअध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

इस दौरान छत्तीसगढ़ वन विकास निगम व लोक न्यास ट्रस्ट कुदरगढ़ के अध्यक्ष एवं पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाया गया आपातकाल भारतीय संविधान, प्रेस की स्वतंत्रता और जनता के मौलिक अधिकारों पर सीधा हमला था। और उन्होंने इसे भारत के लोकतंत्र पर ‘अब तक की सबसे बड़ी चोट’करार दिया।

उन्होंने कहा कि लाखों निर्दोषों को जेलों में डाला गया, न्याय पालिका पर दबाव बनाया गया और मीडिया की आवाज को बंद कर दिया गया। कांग्रेस ने सत्ता की रक्षा के नाम पर लोकतंत्र की हत्या की।

 पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने यह कहा किं आज की युवा पीढ़ी को यह जानना आवश्यक है कि देश किन संकटों से गुजऱा है और लोकतंत्र की रक्षा के कितनी कुबानियां दी गई है। बाबूलाल अग्रवाल ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतत्व की भी प्रशंसा की और कहा कि भारत आज एक सशक्त लोकतंत्र के रूप में खडा है। उहोंने दो टूक कहा कि कांग्रेस जैसी मानसिकता को देश में दोबारा पैर पसारने नहीं दिया जाएगा। श्री पैकरा ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए सजग और जागरूक रहें, ताकि भविष्य में फिर कभी ऐसा काला अध्याय न दोहराया जाए।

इस प्रेसवार्ता के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, रामकृपाल साहू, जिला उपाध्यक्ष लाल संतोष सिंह, जनपद अध्यक्ष स्वाति संत सिंह, आपातकाल कार्यक्रम के जिला संयोजक अशोक सिंह, जिला कार्यालय मंत्री राजेश्वर तिवारी, जिला मंत्री संदीप अग्रवाल, पूर्व जिला मंत्री शशिकांत गर्ग, जिला सह मीडिया प्रभारी संस्कार अग्रवाल, युवा मंडल उपाध्यक्ष रंजन सोनी, धर्म सोनी, विक्की रवि सहित काफी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट