सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भटगांव, 4 मई। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय भटगांव में पदस्थ प्रधान पाठक सुखलाल गुप्ता को सेवानिवृत होने पर विदाई सह सम्मान कार्यक्रम आयोजित कर उनके उत्कृष्ट सेवा के लिए याद किया और सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि श्री गुप्ता ने इसी विद्यालय में 41 वर्षों से भी अधिक का कार्यकाल निर्वाध रूप से पूर्ण किया।
विदाई सम्मान कार्यक्रम में एसएमडीसी अध्यक्ष अशोक सिंह,नगर पंचायत अध्यक्ष परमेश्वरी राजवाड़े, प्राचार्य पी आर तोमर, प्रभारी प्रधान पाठक पूनम सिंह, पूर्व माध्यमिक एवं बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक/ शिक्षिकाएं एवं व्याख्याता उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने श्री गुप्ता को विदाई अवसर पर कई उपहार एवं शाल श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया। विद्यालय के शिक्षिकाओं ने सामूहिक विदाई गीत प्रस्तुत कर भाव विभोर किया।
इस अवसर पर स्वागत गीत शिक्षिका सुमन साहू ने प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट विदाई कविता का वाचन व्याख्याता संजू गुप्ता एवं राजकुमारी मेहता ने किया। अध्यक्ष अशोक सिंह ने शाल श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।


