सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 22 अगस्त। कांग्रेस के भिलाई विधायक देवेंद्र यादव को बलौदा बाजार मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद पूरे प्रदेश में कांग्रेसी एकजुट होकर आवाज उठा रही है। आज जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश कवासी ने प्रेसवार्ता में छत्तीसगढ़ भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भाजपा सरकार के गठन के 8 महीने में ही कानून व्यवस्था फेल है। सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। विपक्ष के नेता और पत्रकार भी अब सुरक्षित नहीं हैं। षड्यंत्र द्वारा फंसा कर जेल भेजा जा रहा है ।
आगे कहा कि बलौदाबाजार के मामले में साय सरकार अपनी नाकामी और पूरे देश में हुई बदनामी को छुपाने विपक्ष के नेताओं को परेशान कर रही है। कांग्रेस के विधायक देवेन्द्र यादव की गिरफ्तारी भाजपा की बौखलाहट को दर्शाता है। यह विपक्ष को बदनाम करने की साजिश है।
विधायक देवेन्द्र यादव बलौदाबाजार में न भाषण दिये और न ही कलेक्टर ऑफिस प्रदर्शन में शामिल हुये। वे भीड़ में पांच मिनट रूक कर वापस आ गये थे। कही भी किसी हिंसक घटना में उनके संलिप्तता का कोई भी साक्ष्य नहीं और न ही वे किसी भी प्रकार की घटना में शामिल थे। पुलिस ने उनको गलत तरीके से गिरफ्तार किया है।
सरकार, पुलिस बताये किन भाजपा नेताओं को नोटिस दिया, पूछताछ की गयी। न्याय संगत कार्रवाई होनी चाहिए। पत्रकारों को गलत तरीके से फंसाने उनकी गाड़ी में गांजा रखा जाता है। विपक्ष के विधायक को झूठे मुकदमे में फंसा कर गिरफ्तार किया गया। बलौदाबाजार के मामले में सतनामी समाज और कांग्रेस के लोगों को चिन्हांकित करके उनको जेलों में डाला गया।
कांग्रेस भाजपा सरकार के इस आताताई चरित्र से डरने वाली नहीं। इस प्रकार के कृत्यों से हमारा कार्यकर्ता और मजबूती से सरकार के खिलाफ जनता की आवाज उठायेगा।
प्रेसवार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश कवासी ने कहा कि जल्द से जल्द अगर बेगुनाह निर्दोष कांग्रेस के विधायक और पत्रकारों को उचित न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस पार्टी आने वाले समय में उग्र से उग्र आंदोलन करेगी।
प्रेस वार्ता में नगर कांग्रेस अध्यक्ष शेख सजार नगर पालिका अध्यक्ष जगन्नाथ राजू साहू जिला कांग्रेस कमेटी महामंत्री राजेश नारा मौजूद रहे।


