सुकमा

कांग्रेस स्थापना दिवस पर संविधान की रक्षा का संकल्प
28-Dec-2025 11:51 PM
कांग्रेस स्थापना दिवस पर संविधान की रक्षा का संकल्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 28 दिसंबर।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस सुकमा जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा पूरे उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए बलिदानों तथा लोकतंत्र और संविधान के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को याद किया गया।

रविवार को जिला मुख्यालय सुकमा स्थित राजीव भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा की उपस्थिति में कांग्रेस पार्टी का 140वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस पार्टी के ध्वज के विधिवत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके पश्चात उपस्थित कार्यकर्ताओं ने झंडे को सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर भ्रमण किया और पार्टी के संस्थापकों, स्वतंत्रता सेनानियों व महापुरुषों को स्मरण करते हुए नारे लगाए। पूरे नगर में कांग्रेस पार्टी के झंडे, नारों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

कांग्रेस का इतिहास देश की आज़ादी और संविधान से जुड़ा - हरीश कवासी लखमा
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का इतिहास भारत की आज़ादी, संविधान निर्माण और लोकतंत्र की मजबूती से अभिन्न रूप से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा -हम उन महान बलिदानियों और ऐतिहासिक विरासत को नमन करते हैं, जिन्होंने देश को अंग्रेज़ी गुलामी से मुक्त कराया, संविधान की नींव रखी और लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय व समानता जैसे मूल्यों को मजबूत किया। कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की आवाज़ है, जो हर कमजोर, हर वंचित और हर मेहनतकश के साथ खड़ी रही है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी नफऱत, अन्याय और तानाशाही के खिलाफ सत्य और साहस के साथ लड़ाई जारी रखेगी।

मनरेगा बचाओ अभियान की घोषणा, 5 से होगी शुरुआत
स्थापना दिवस कार्यक्रम के समापन के पश्चात कांग्रेस पार्टी द्वारा मनरेगा बचाओ अभियान को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस 5 जनवरी से इस अभियान की विधिवत शुरुआत करेगी।कार्यकर्ताओं द्वारा ली गई शपथ में कहा गया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजग़ार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की हर हाल में रक्षा की जाएगी।
 

मनरेगा कोई साधारण योजना नहीं, बल्कि भारत के संविधान से मिला काम का अधिकार है। ग्रामीण मज़दूरों के सम्मान, रोजग़ार, मज़दूरी और समय पर भुगतान के अधिकार के लिए संगठित होकर संघर्ष किया जाएगा। मांग-आधारित रोजग़ार, ग्राम सभा के अधिकार और मज़दूर हितों की रक्षा की जाएगी। मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने और मज़दूरों के अधिकारों को कमजोर करने की किसी भी साजि़श का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनरेगा बचाने, मज़दूरों के अधिकारों की रक्षा करने और गाँव-गाँव अपनी आवाज़ बुलंद करने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर जिला एवं नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसजन, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट