सारंगढ़-बिलाईगढ़

सुशासन तिहार में सीएम से जिला विकास की 6 मांगें
06-Jun-2026 6:46 PM
सुशासन तिहार में सीएम से जिला विकास की 6 मांगें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 6 जून। सुशासन तिहार के अवसर पर भीखमपुरा (सरिया) में आयोजित जन चौपाल भव्य एवं गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही,  संजय पांडेय, ज्योति पटेल सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संतोषी खटकर (सभापति, जिला पंचायत सारंगढ़-बिलाईगढ़) ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्वागत करते हुए जिले के विकास एवं जनहित से जुड़ी छह महत्वपूर्ण मांगों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि इन मांगों की पूर्ति से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी तथा आम जनता को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—बरमकेला में बहुप्रतीक्षित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय की स्थापना। बरमकेला में उप पंजीयक कार्यालय की स्थापना। कोसीर में नए थाना भवन के निर्माण की स्वीकृति।

 सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में विभिन्न विभागों के आवश्यक सेटअप एवं पदस्थापना की व्यवस्था। क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित सारंगढ़ रेल लाइन परियोजना को गति प्रदान करना। जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना।

जन चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आमजन की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों की बड़ी सहभागिता देखने को मिली।


अन्य पोस्ट