सारंगढ़-बिलाईगढ़

वन्यजीवों के हमलों और सुरक्षा उपायों की कमी के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस करेगी आंदोलन
04-Jun-2026 7:34 PM
वन्यजीवों के हमलों और सुरक्षा उपायों की कमी के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस करेगी आंदोलन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 4 जून। बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सोनाखान तहसील के विभिन्न वन परिक्षेत्रों में वन्यजीवों के बढ़ते मूवमेंट और हालिया हमलों के बाद स्थानीय ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। वन विभाग द्वारा वन्यप्राणियों से सुरक्षा के लिए स्थाई और ठोस उपाय न किए जाने के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान ने आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने मीडिया को बताया कि  ग्राम दोन्द निवासी जरहू राम की पिछले दिनों हाथी के हमले में मृत्यु हो गई। गजराडीह निवासी देवेंद्र साहू की वनभैंसे के हमले के कारण जान चली गई।  मुरुमडीह निवासी पंच बाई गोंड वन्यजीव के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनका वर्तमान में अस्पताल में इलाज जारी है।

युधिष्ठिर नायक ने आरोप लगाया कि बार-बार हो रही इन अप्रिय घटनाओं के बावजूद शासन, प्रशासन और वन विभाग द्वारा सुरक्षात्मक कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। विभाग के इसी रवैये के खिलाफ वे अपने सहयोगियों के साथ जल्द ही एक व्यापक आंदोलन शुरू करेंगे।

इस आंदोलन के तहत गिधौरी, टुंडरा, गिरौदपुरी, सोनाखान, नवागांव, बार, बया, थरगांव और राजादेवरी क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को एकजुट कर वन विभाग के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कार्ययोजना लागू करने की मांग की जाएगी।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुसार, सोनाखान तहसील के अंतर्गत आने वाले प्रमुख वन परिक्षेत्रों—बार नवापारा, कोठारी, देवपुर, अर्जुनी और सोनाखान के ग्रामीण इलाकों में सुबह और शाम के समय वन्यप्राणियों की सक्रियता अधिक देखी जा रही है, जिससे ग्रामीणों का सामान्य आवागमन प्रभावित हो रहा है।

वन्यजीवों के हमलों और सुरक्षा उपायों की कमी के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस करेगी आंदोलन


अन्य पोस्ट