सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 5 जून। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को भाजपा नेता जगन्नाथ पाणिग्रही के पिता पं. हृदयानंद पाणिग्रही के नाम प्राथमिक स्कूल का नामकरण और लोकार्पण किया।
बताया जाता है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा मुख्य रूप से रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सरिया के भीखमपुरा में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम तक सीमित रहा। इस दौरे पर सारंगढ़ और बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा स्वागतयोग्य है, लेकिन दोनों विधानसभा क्षेत्रों (सारंगढ़ और बिलाईगढ़) में संतुलन बनाया जाना जरूरी था। यदि मुख्यमंत्री का दौरा इन क्षेत्रों में भी होता, तो क्षेत्रीय समस्याओं को सीधे उनके सामने रखा जा सकता था।
बिलाईगढ़ विधायक कविता लहरे ने इसे एक अधूरा दौरा बताते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता को मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी बात रखने की काफी उम्मीदें थीं, लेकिन उन्हें इसका अवसर नहीं मिल सका।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित समय सुबह 11.30 बजे तय था, परंतु वे दोपहर 3.40 बजे काफी विलंब से भीखमपुरा पहुंचे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री पहले हेलीकॉप्टर से आने वाले थे, लेकिन तकनीकी खराबी आ जाने के कारण उन्हें सडक़ मार्ग से यात्रा करनी पड़ी, जिससे कार्यक्रम के समय में बदलाव हुआ।


