सारंगढ़-बिलाईगढ़

झिकीपाली में शराब दुकान हटाने की मांग, महिलाओं ने दी आंदोलन की चेतावनी
05-Jun-2026 6:29 PM
झिकीपाली में शराब दुकान हटाने की मांग, महिलाओं ने दी आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 5 जून बरमकेला ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम झिकीपाली में संचालित शासकीय शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। महिलाओं ने स्थानीय प्रशासन से इस शासकीय शराब दुकान को मुख्य मार्ग से तत्काल हटाने की मांग की है अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है।

यह दुकान वर्तमान में ग्राम गिन्डोला के मुख्य मार्ग पर स्थित है, जो क्षेत्र के नागरिकों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस मार्ग का उपयोग गांव की महिलाएं, छात्राएं और अन्य लोग प्रतिदिन डोंगरीपाली बाजार और स्कूल जाने के लिए करते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब दुकान के आसपास एकत्र होने वाले लोगों के कारण मार्ग से गुजरने वाली छात्राओं और महिलाओं को असुविधा का सामना करना पड़ता है।

 स्थानीय नागरिकों का दावा है कि सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण कुछ छात्राओं के नियमित स्कूल जाने पर भी विपरीत असर पड़ा है।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि इस दुकान के कारण क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीण महिलाओं ने स्थानीय प्रशासन से इस शासकीय शराब दुकान को मुख्य मार्ग से तत्काल हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि इस विषय पर शीघ्र ही कोई प्रशासनिक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आगामी समय में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी।

 

इस मांग को लेकर एकजुट हुए ग्रामीणों में सावित्री राणा, कुन्ती राणा, मीरा बरीहा, सुकांति सिदार, खिरोबति सिदार, दीपांजलि सिदार, प्रभा सिदार, अंशुया सिदार, ससुता पांडे, सबिता सिदार, पूर्णिमा सिदार, कानको सिदार, अनिता, उर्वशी, पविष्टा सिदार, सीता, संतोषनी और दिलेश्वरी सिदार सहित गांव की अन्य महिलाएं शामिल हैं।


अन्य पोस्ट