सारंगढ़-बिलाईगढ़

विधायक ने सीएम को लिखा पत्र, खुली स्थानांतरण नीति लागू करने की मांग
06-Jun-2026 6:44 PM
विधायक ने सीएम को लिखा पत्र, खुली स्थानांतरण नीति लागू करने की मांग

सारंगढ़, 6 जून। सारंगढ़ विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े ने प्रदेश के लाखों शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के हित में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर वर्ष 2026 के लिए खुली, पारदर्शी एवं समयबद्ध स्थानांतरण नीति तत्काल लागू करने की मांग की है। मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में विधायक जांगड़े ने कहा है कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारी लंबे समय से स्थानांतरण नीति लागू होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। नीति के अभाव में अनेक कर्मचारी अपने गृह जिलों से दूर सेवाएं देने को विवश हैं, जिससे उनके पारिवारिक जीवन, बच्चों की शिक्षा तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षक संगठनों, स्वास्थ्य कर्मियों तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों द्वारा लगातार ज्ञापन सौंपकर न्यायसंगत स्थानांतरण नीति लागू करने की मांग की जा रही है। कर्मचारियों का मानना है कि पारदर्शी स्थानांतरण व्यवस्था से उन्हें राहत मिलेगी और प्रशासनिक कार्यों में भी अधिक दक्षता आएगी।

विधायक जांगड़े ने पत्र में उल्लेख किया है कि कई मामलों में पति-पत्नी अलग-अलग जिलों में पदस्थ हैं, जिससे पारिवारिक कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्थानांतरण नीति का शीघ्र लागू होना आवश्यक है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि कर्मचारी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वर्ष 2026 के लिए खुली एवं पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू की जाए। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया है कि यदि समय रहते प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो आगामी चुनावी गतिविधियों के कारण कर्मचारियों को स्थानांतरण का अवसर नहीं मिल पाएगा।

विधायक जांगड़े ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए लाखों कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को राहत प्रदान करेगी।


अन्य पोस्ट