सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 3 जून। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की राजापुर उप तहसील में सीतापुर के भाजपा विधायक और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच हुए विवाद ने अब प्रदेश व्यापी आंदोलन का रूप ले लिया है। छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक संघ के आह्वान पर बुधवार को तीसरे दिन भी प्रदेश भर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार ‘काम बंद, कलम बंद’ हड़ताल पर हैं।
कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की मुख्य मांग विधायक रामकुमार टोप्पो की तत्काल गिरफ्तारी है। इस संबंध में सारंगढ़ तहसीलदार एन.के. सिन्हा ने कहा-तहसीलदार बिना किसी विशेष सुरक्षा व्यवस्था के सीधे आम जनता से जुडक़र कार्य करते हैं। हमारे साथी अधिकारी के साथ हुई मारपीट की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जब तक संबंधितों की गिरफ्तारी नहीं होती, यह आंदोलन जारी रहेगा।
हड़ताल के कारण तहसील कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है, जिसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।


